
Faridabad से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां व्रत खोलने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर 33 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकुश के रूप में हुई है, जो भारत कॉलोनी स्थित हनुमान नगर का निवासी था।
परिजनों के अनुसार, अंकुश ने बीती रात व्रत खोलने के लिए फ्रूटी पी थी। इसके तुरंत बाद उसे उल्टियां, पेट दर्द और दस्त की शिकायत होने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उसे इलाज के लिए दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि पहले उसे फरीदाबाद के बादशाह खान अस्पताल भेजा गया, जहां से डॉक्टरों ने दिल्ली के Safdarjung Hospital रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे सफदरजंग अस्पताल ले जाने के बजाय फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराने के लिए ले जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मामले की जानकारी देते हुए थाना खेड़ी के प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि देर रात करीब 1:30 बजे निजी अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवक मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किस वजह से हुई। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।